
क्या ऐसा संभावना है कि नफरत और जलन किसी व्यक्ति को इतना नीचा गिरा देती है कि वो दूसरे के बच्चे को सिर्फ इसलिए मार देती है क्योंकि वो उसकी बेटी से ज़्यादा नंबर ले आया।
कराईकल: पुडुचेरी के कराईकल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल यहां एक महिला को दूसरे बच्चे का टॉप करना नागवार गुजरा तो उसने टॉपर को जहर देकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी महिला विक्टोरिया सहयारानी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक बाला मणिकंदन कराईकल के एक निजी स्कूल में आठवीं का छात्र था। हर साल परीक्षा में वहीं टॉप करता था। इस बार भी 8वीं कक्षा में उसने ही टॉप किया था। पुलिस के मुताबिक महिला को बाला से जलन होती थी। विक्टोरिया सहयारानी शनिवार को स्कूल पहुंची और लड़के को कोल्ड ड्रिंक भेंट की थी। घर पहुंचने पर लड़के को लगातार उल्टी होने लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक लड़का राजेंद्रन और मालती का बेटा है जो पुडुचेरी के कराईकल में नेहरू कॉलोनी में रहता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि कोल्ड ड्रिंक में जहर था। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि कोल्ड ड्रिंक विक्टोरिया ने दी थी। फिलहाल विक्टोरिया सहयारानी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


